बस्तर : युवाओं को रोजगार और सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार बड़ी भर्ती की तैयारी में है। बस्तर क्षेत्र के लिए 5 हजार बस्तर फाइटर पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया को लेकर नियम तैयार किए जा चुके हैं और पुलिस मुख्यालय की ओर से जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने की उम्मीद है।इस भर्ती की सबसे खास बात यह होगी कि स्थानीय भाषा और बोली का ज्ञान रखने वाले उम्मीदवारों को 20 बोनस अंक दिए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना भी है।

बस्तर के स्थानीय युवाओं को मिलेगा प्राथमिक अवसर

प्रस्तावित भर्ती में संबंधित जिले का स्थानीय निवासी होना जरूरी होगा। यानी भर्ती प्रक्रिया में बस्तर क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को अवसर दिया जाएगा।सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है। वहीं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थी 5वीं पास होने पर भी भर्ती के लिए पात्र हो सकेंगे।नक्सल प्रभावित इलाकों के नक्सल पीड़ित परिवारों और राहत शिविरों में रहने वाले परिवारों के उम्मीदवारों को भी विशेष अवसर मिलेगा। ऐसे परिवारों के सभी वर्गों के 5वीं पास उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।

18 से 28 साल तक के युवा कर सकेंगे आवेदन

बस्तर फाइटर भर्ती के लिए उम्मीदवारों की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को पांच साल की छूट मिलने का प्रावधान है। इसके अलावा महिलाओं, पूर्व सैनिकों, नगर सैनिकों और संविदा कर्मचारियों को भी नियमों के अनुसार अतिरिक्त आयु छूट दी जाएगी।

200 अंकों की होगी चयन प्रक्रिया

बस्तर फाइटर भर्ती में चयन प्रक्रिया कुल 200 अंकों की होगी। इसमें उम्मीदवारों की शारीरिक क्षमता और अन्य निर्धारित मापदंडों के आधार पर चयन किया जाएगा।पहले चरण में 100 अंकों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी। इसमें उम्मीदवारों को लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, 100 मीटर दौड़ और 800 मीटर दौड़ जैसी गतिविधियों में शामिल होना होगा।

शारीरिक परीक्षा में कितने अंक लाना जरूरी

शारीरिक दक्षता परीक्षा में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक हासिल करना आवश्यक होगा। वहीं एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।निर्धारित अंक हासिल करने वाले उम्मीदवार ही भर्ती की आगे की प्रक्रिया के लिए पात्र होंगे।

स्थानीय भाषा जानने वालों को मिलेंगे 20 बोनस अंक

बस्तर की स्थानीय बोली और भाषा का ज्ञान रखने वाले उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया में 20 बोनस अंक दिए जाएंगे। इससे स्थानीय संस्कृति और क्षेत्र की सामाजिक परिस्थितियों से परिचित युवाओं को अतिरिक्त लाभ मिल सकता है।सरकार की इस पहल को रोजगार के साथ बस्तर के स्थानीय युवाओं की सुरक्षा व्यवस्था में भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं से की अपील

वन मंत्री केदार कश्यप ने भर्ती को बस्तर के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार 5 हजार युवाओं को रोजगार से जोड़ने जा रही है।मंत्री ने युवाओं से बड़ी संख्या में भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने और देश सेवा के लिए आगे आने की अपील की। अब युवाओं की नजर पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक नोटिफिकेशन पर टिकी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!