अंबिकापुर: सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने वाले नेक नागरिकों को अब सरकार की ओर से सम्मान और प्रोत्साहन दोनों मिल रहे हैं। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की महत्वाकांक्षी "राह-वीर योजना" के तहत सरगुजा रेंज के विभिन्न जिलों में सड़क हादसों के दौरान घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने वाले गुड सेमेरिटन नागरिकों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए हैं।

योजना के तहत सड़क दुर्घटना के बाद के सबसे महत्वपूर्ण समय यानी "गोल्डन ऑवर" में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को सरकार द्वारा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है। सरगुजा रेंज में इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।हाल ही में पुलिस महानिदेशक के कोरिया जिले के दौरे के दौरान सड़क दुर्घटना में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले दो नागरिकों के सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की गई। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा मितान कार्यक्रम के तहत 70 लोगों को फर्स्ट एड किट बैग का भी वितरण किया गया।

जशपुर जिले में प्रियांश भगत और श्रवण कुमार ने अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस मानवीय कार्य के लिए जशपुर पुलिस द्वारा राह-वीर योजना के तहत दोनों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसी तरह सरगुजा जिले के प्रताप दास तथा एमसीबी जिले के विनोद साहू, मोहम्मद जाकिर और शाहनवाज ने भी सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को गोल्डन ऑवर के दौरान अस्पताल पहुंचाने में सराहनीय योगदान दिया। संबंधित पुलिस अधीक्षकों के पत्राचार के बाद इन सभी को भी योजना के तहत प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा सरगुजा रेंज के अन्य जिलों में भी ऐसे नागरिकों की पहचान कर उनके नाम प्रोत्साहन राशि के लिए भेजे जा रहे हैं।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में समय पर उपचार मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से बिना किसी डर या झिझक के दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे मानवीय और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने वाले गुड सेमेरिटन नागरिकों को भविष्य में भी राह-वीर योजना के तहत सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!