बलरामपुर:  जिला पंचायत सीईओ  नयनतारा सिंह तोमर की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने सुशासन तिहार, राजस्व प्रकरण, स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड, पीएम जनमन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ ने सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत संचालित विशेष अभियान की समीक्षा करते हुए प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सुशासन तिहार का आयोजन किया जाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अभियान के तहत प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से निराकरण करने को कहा।

सीईओ श्रीमती तोमर ने कहा कि 1 मई से जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो इसके लिए सभी संबंधित विभाग आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ले। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। साथ ही कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।जिला पंचायत सीईओ ने 9 मई को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के दृष्टिगत संबंधित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें, जिससे अधिक से अधिक प्रकरणों का समाधान लोक अदालत में हो सके।

उन्होंने राजस्व प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा करते हुए निराकरण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व पखवाड़ा में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत प्राप्त आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।

उन्होंने भू-अर्जन से संबंधित लंबित प्रकरणों, जनचौपाल एवं जनदर्शन तथा समय-सीमा के प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए साप्ताहिक प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एलपीजी की आपूर्ति, पेट्रोल की उपलब्धता, राशन के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न हो तथा आम नागरिकों को नियमित रूप से सुविधाएं उपलब्ध होती रहें।जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने दूरस्थ अंचलों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से पहुंचाई जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करें, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समय पर परामर्श एवं उपचार उपलब्ध हो सके। उन्होंने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित जांच एवं उपचार की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ श्रीमती तोमर ने आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन कार्ड की प्रगति की भी जानकारी ली उन्होंने कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ लें सकें। उन्होंने टीबी, मौसमी बीमारियों की भी जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत स्वीकृत गतिविधियों की भी समीक्षा कर योजना के तहत स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने पेयजल आपूर्ति, महतारी वंदन योजना अंतर्गत ई-केवाईसी की अद्यतन स्थिति, पीएम कौशल विकास योजना अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।बैठक में अपर कलेक्टर  आर. एस. लाल, आर. एन पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी, विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!