भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से लापता हुए छह वर्षीय मासूम अंश मैना को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। चार दिन तक चली लगातार तलाश के बाद बच्चा उत्तर प्रदेश के मथुरा में मिला। कोहेफिजा थाना पुलिस की टीम मथुरा पहुंची और अंश को अपनी अभिरक्षा में लेकर भोपाल रवाना हो गई।

खेलते-खेलते अचानक हो गया था लापता

16 जून को कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित रॉयल मार्केट चौराहे के पास अंश खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया था। काफी देर तक आसपास तलाश करने के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोज अभियान शुरू किया।

10 से 12 टीमों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

बच्चे की तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कीं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों से जानकारी मिली कि अंश पंजाब की ओर जाने वाली पातालकोट एक्सप्रेस में चढ़ता दिखाई दिया था। इसी आधार पर पुलिस ने कई राज्यों में अपनी टीमें भेजीं और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।

मथुरा से सुरक्षित मिला मासूम

लगातार जांच और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस आखिरकार अंश तक पहुंचने में सफल रही। 19 जून को उत्तर प्रदेश के मथुरा से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस बच्चे को अपने साथ भोपाल लेकर आ रही है, जहां उससे पूछताछ के बाद पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जाएगी।

अस्पताल में भर्ती हैं बच्चे की मां

परिवार के लिए यह राहत की खबर ऐसे समय आई है, जब अंश की मां गंभीर रूप से बीमार हैं और अस्पताल में उपचाराधीन हैं। बच्चे के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा भोपाल से मथुरा तक कैसे पहुंचा और इस दौरान उसके साथ कौन-कौन लोग संपर्क में रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!