
रायपुर: छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 8 अक्टूबर 2026 को दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना की 32वीं किस्त की राशि जारी करेंगे। इस किस्त के तहत ई-केवाईसी करा चुकीं 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राही महिलाओं के खातों में कुल 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी।
विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 से लागू की गई थी। योजना का लाभ लेने के लिए कुल 70 लाख 27 हजार 154 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें से पात्रता रखने वाली 70 लाख 9 हजार 578 महिलाओं को 10 मार्च 2024 को पहली किस्त की राशि जारी की गई थी।
अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान
महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की पात्र महिलाओं को अब तक 31 किस्तों में कुल 20,075.71 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। 32वीं किस्त के भुगतान के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 20,708.11 करोड़ रुपये हो जाएगा।योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता का उद्देश्य उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार और एनीमिया जैसी समस्याओं की रोकथाम के प्रयासों को भी इससे सहयोग मिलने की उम्मीद है।
ई-केवाईसी कराने वाली महिलाओं को मिलेगा लाभ
विभाग के अनुसार, अक्टूबर 2026 की 32वीं किस्त के लिए अद्यतन स्थिति में कुल 68 लाख 52 हजार 661 हितग्राही पात्र हैं। इनमें से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमोदन के लिए 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राही शामिल हैं। इसके अलावा नियद नेल्लानार क्षेत्र के हितग्राहियों की 12वीं किस्त के भुगतान के लिए 6,903 हितग्राहियों को शामिल किया गया है।इस तरह कुल 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को भुगतान के लिए अनुमोदित किया गया है। राशि सीधे बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि से महिलाओं को घरेलू जरूरतों को पूरा करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलने की उम्मीद है। 8 अक्टूबर को जारी होने वाली 32वीं किस्त से प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी।


















