जशपुर: जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 34 वर्षीय पीड़िता ने 26 जून को थाना लोदाम में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 25 जून की सुबह वह घर में अकेली थी। इसी दौरान क्षेत्र के एक ढाबा संचालक मंजीत सिंह उर्फ बिल्ला सरदार (42) उसके घर में घुस आया और गलत नियत से छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकत करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी करते हुए पीड़िता पर अपने साथ रहने का दबाव बनाया और जबरदस्ती का प्रयास किया।पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में पीड़िता ने अपने पति को घटना की जानकारी दी और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए लोदाम पुलिस ने तत्काल बीएनएस की धारा 74, 331(3), 296 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(ब) एवं 3(2)(V)(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मंजीत सिंह उर्फ बिल्ला सरदार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में जशपुर पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है। ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!