रायपुर। राजधानी रायपुर में भीषण गर्मी के बीच सड़क पर घंटों ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिस जवानों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसी हेलमेट का ट्रायल शुरू किया गया है। शनिवार से शुरू हुए इस परीक्षण का उद्देश्य जवानों को हीट स्ट्रेस, डिहाइड्रेशन और अत्यधिक गर्मी से राहत देना है। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो आने वाले समय में अधिक संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को ऐसे हेलमेट उपलब्ध कराए जाएंगे।

बेहतर सुविधाओं से बढ़ेगी कार्यकुशलता

पुलिस विभाग का मानना है कि बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराने से ट्रैफिक जवानों की कार्यक्षमता और मनोबल दोनों में सुधार होगा। एडीसीपी ट्रैफिक विवेक शुक्ला ने बताया कि एक निजी कंपनी ने परीक्षण के लिए कुछ एसी हेलमेट उपलब्ध कराए हैं। फिलहाल इनका ट्रायल किया जा रहा है और इसके परिणामों के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।

ऐसे करता है एसी हेलमेट काम

इस विशेष हेलमेट के ऊपरी हिस्से में बैटरी से संचालित छोटा फैन और एयर डक्ट सिस्टम लगाया गया है। इसके साथ बैटरी पैक कमर या बेल्ट पर लगाया जाता है। फैन बाहर की हवा को फिल्टर कर सिर और चेहरे तक पहुंचाता है। कुछ मॉडलों में कूलिंग मॉड्यूल भी दिया गया है, जो हवा के तापमान को कुछ डिग्री तक कम कर देता है।

एक बार चार्ज, 6 से 8 घंटे तक उपयोग

यह हेलमेट एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर सामान्य रूप से 6 से 8 घंटे तक लगातार काम कर सकता है। इससे लंबे समय तक ड्यूटी करने वाले जवानों को बार-बार चार्जिंग की चिंता नहीं रहेगी।

सिर के आसपास 8 से 15 डिग्री तक कम महसूस होगा तापमान

कंपनी के दावों और शुरुआती परीक्षण के अनुसार यह तकनीक सिर के आसपास का तापमान करीब 8 से 15 डिग्री सेल्सियस तक कम महसूस कराने में सक्षम है। इससे लू, हीट स्ट्रेस और गर्मी से होने वाली अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है। यदि ट्रायल सफल रहता है तो यह पहल ट्रैफिक पुलिस के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!