छत्तीसगढ़ : नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। गंगालूर थाना क्षेत्र के डोडीतुमनार गांव की पहाड़ियों में सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने माओवादियों के एक गुप्त बंकर का पता लगाया। जमीन के नीचे छिपाकर बनाए गए इस ठिकाने से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और तकनीकी उपकरण बरामद किए गए हैं।

खुफिया सूचना के बाद चला सर्च ऑपरेशन

पुलिस को सूचना मिली थी कि डोडीतुमनार के जंगल और पहाड़ी इलाके में माओवादी बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथियार छिपाकर रखे हुए हैं। इनपुट मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।सर्चिंग के दौरान जवानों को जमीन के भीतर छिपा एक संदिग्ध बंकर दिखाई दिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा जांच और डिमाइनिंग की कार्रवाई की।

बंकर के भीतर मिला तकनीकी और हथियारों का सामान

जब सुरक्षा एजेंसियों ने बंकर की तलाशी ली तो अंदर बड़ी मात्रा में तकनीकी उपकरण, विस्फोटक सामग्री और हथियार बनाने से जुड़ा सामान मिला। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि माओवादी इस बंकर का इस्तेमाल हथियार तैयार करने और मरम्मत के लिए कर रहे थे।

पुलिस ने बरामद सभी सामग्रियों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और आसपास के इलाकों में सर्चिंग अभियान अभी भी जारी है।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। जंगलों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि माओवादियों के अन्य ठिकानों का भी पता लगाया जा सके।

5 लाख की इनामी महिला नक्सली ने किया सरेंडर

इसी बीच नक्सल मोर्चे पर एक और बड़ी खबर सामने आई है। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में 5 लाख रुपए की इनामी महिला माओवादी ने आत्मसमर्पण कर दिया है।

सरेंडर करने वाली महिला नक्सली पोडियम लक्ष्मी बीजापुर जिले के उसुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। वह DKSZC की सदस्य थी और लंबे समय से छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा क्षेत्र में सक्रिय थी। सुरक्षा एजेंसियां अब उससे संगठन से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाने में लगी हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!