
कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को मजबूत बनाने के लिए 208 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। इनकी तैनाती अलग-अलग जिलों में की जाएगी, जहां वे अभियान से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी करेंगे और अपनी रिपोर्ट पार्टी कार्यालय को भेजेंगे। मध्य प्रदेश से भी कई वरिष्ठ नेताओं को यह जिम्मेदारी मिली है। इनमें कमलेश्वर पटेल, अरुण यादव, सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा, सचिन यादव, बाला बच्चन, विजय लक्ष्मी साधो, सुखदेव पनसे और शोभा ओझा के नाम शामिल है।
शोभा ओझा ने पार्टी नेतृत्व का जताया आभार
कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पर्यवेक्षक बनाए जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।ओझा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, संविधान की गरिमा बनाए रखने और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस देशभर में वोट चोरी के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने इस अभियान को केवल मतदान के अधिकार तक सीमित न बताते हुए इसे जनता के अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा संघर्ष बताया।
24 अक्टूबर तक चलेगा कांग्रेस का अभियान
कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान 24 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत पार्टी मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और नागरिकों के मताधिकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।पार्टी की योजना ब्लॉक स्तर तक अभियान पहुंचाने और लोगों को इन मुद्दों के प्रति जागरूक करने की है। इसके लिए विरोध मार्च, साइकिल रैलियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिलों में गतिविधियों की निगरानी करेंगे पर्यवेक्षक
208 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति का उद्देश्य अभियान को अलग-अलग क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से संचालित करना और उसकी प्रगति पर नजर रखना है। नियुक्त नेता संबंधित जिलों में कार्यक्रमों की जानकारी जुटाएंगे और उनकी रिपोर्ट पार्टी कार्यालय तक पहुंचाएंगे।मध्य प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं को मिली जिम्मेदारी से राज्य में अभियान को गति देने की कांग्रेस की रणनीति सामने आई है। पार्टी का जोर स्थानीय स्तर पर लोगों से संपर्क बढ़ाने और मतदाता सूची तथा चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवालों को व्यापक स्तर पर उठाने पर रहेगा।




















