Lal Krishna Advani:  पूर्व उप प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

शुक्रवार शाम अस्पताल पहुंचे आडवाणी

लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार, 16 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। चेस्ट इंफेक्शन की शिकायत के बाद उन्हें चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।

मई में भी बिगड़ी थी तबीयत

इस साल मई में भी आडवाणी की तबीयत खराब हुई थी। उस समय उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में उपचार चलने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। अब दोबारा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर को लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। केंद्र और राज्य सरकारों में प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे होने के अवसर पर पीएम मोदी उनसे मिलने पहुंचे थे।आडवाणी आगामी 8 नवंबर को अपना 99वां जन्मदिन मनाएंगे। उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए उनके समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे है।

बीजेपी के गठन से लेकर उप प्रधानमंत्री बनने तक का सफर

लालकृष्ण आडवाणी भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख संस्थापक नेताओं में शामिल रहे है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के साथ मिलकर वर्ष 1980 में बीजेपी की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी। पार्टी ने 1984 के लोकसभा चुनाव में केवल दो सीटें जीती थीं, जबकि 1998 में उसका आंकड़ा बढ़कर 182 सीटों तक पहुंच गया।आडवाणी वर्ष 1989 से 2019 के बीच सात बार लोकसभा के सदस्य चुने गए। गुजरात की गांधीनगर सीट लंबे समय तक उनकी प्रमुख संसदीय सीट रही। उन्होंने केंद्र सरकार में गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी काम किया।राजनीति में उनके लंबे योगदान को देखते हुए वर्ष 2024 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!