कूनो राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में 19 महीने के नर चीता शावक KNG22 की गोली लगने से हुई मौत के मामले में वन विभाग ने सख्त कदम उठाया है। विभाग ने मुरैना और श्योपुर वन मंडल में तैनात छह वनकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई की जद में दोनों वन मंडलों के रेंजर, डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड आए हैं।चीता शावक की मौत के बाद कूनो और आसपास के इलाकों में वन्यजीवों की सुरक्षा, निगरानी और ट्रैकिंग व्यवस्था पर सवाल उठे थे। अब विभाग ने मैदानी स्तर पर तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए यह कार्रवाई की है।

मुरैना वन मंडल के तीन कर्मचारी निलंबित

मुरैना वन मंडल में पहाड़गंज रेंज के रेंजर आकाश तोमर, पहाड़गंज सबरेंज के डिप्टी रेंजर कीर्ति कुमार शांडिल्य और बीट गार्ड दिनेश गरैया को निलंबित किया गया है।

वहीं, श्योपुर वन मंडल के विजयपुर क्षेत्र में पदस्थ तीन कर्मचारियों पर भी गाज गिरी है। इनमें विजयपुर रेंज के रेंजर जाहर सिंह गौड़, डिप्टी रेंजर गब्बर सिंह बजोरिया और बीट गार्ड कुलदीप सिंह गुर्जर शामिल हैं।

निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चीता शावक KNG22 की गोली लगने से मौत ने चीता संरक्षण परियोजना के तहत चल रही निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। कूनो और आसपास के क्षेत्रों में चीतों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग की व्यवस्था मौजूद है। इसके बावजूद ऐसी घटना सामने आने से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।छह कर्मचारियों का निलंबन मैदानी अमले की जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, यह भी चर्चा है कि घटना के लिए क्या केवल मैदानी कर्मचारी जिम्मेदार थे या निगरानी व्यवस्था से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आएगी।

वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका की जांच पर भी नजर

चीतों की सुरक्षा एक व्यापक जिम्मेदारी है, जिसमें मैदानी वनकर्मियों के साथ ट्रैकिंग टीम और वरिष्ठ अधिकारियों की भी भूमिका होती है। ऐसे में छह कर्मचारियों के निलंबन के बाद जांच का दायरा कितना बढ़ेगा, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

निलंबित वनकर्मियों की सूची

मुरैना वन मंडल

  • आकाश तोमर – रेंजर, पहाड़गंज रेंज
  • कीर्ति कुमार शांडिल्य – डिप्टी रेंजर, पहाड़गंज सबरेंज
  • दिनेश गरैया – बीट गार्ड

श्योपुर वन मंडल

कुलदीप सिंह गुर्जर – बीट गार्ड

जाहर सिंह गौड़ – रेंजर, विजयपुर रेंज

गब्बर सिंह बजोरिया – डिप्टी रेंजर, विजयपुर

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!