

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के हौज खास इलाके में देर रात हुए एसी ब्लास्ट ने पूरे इलाके को दहला दिया। पॉश कॉलोनी में अचानक हुए जोरदार धमाके के बाद घर में भीषण आग लग गई, जिसमें रिटायर्ड IAS अधिकारी और वर्ल्ड बैंक में भारत के पूर्व कार्यकारी निदेशक रहे धनेंद्र कुमार की मौत हो गई। हादसे में उनका बेटा भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11:15 बजे की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर में लगे एसी की इनडोर यूनिट में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में पूरा फ्लोर धुएं और आग की चपेट में आ गया। दम घुटने के कारण धनेंद्र कुमार की हालत बिगड़ गई और उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
भीषण गर्मी में क्यों बढ़ रहे AC ब्लास्ट के मामले?
दिल्ली समेत देशभर में इन दिनों रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ रही है। कई शहरों में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है। लगातार एसी चलने के कारण मशीनों पर दबाव बढ़ रहा है और आग लगने व ब्लास्ट की घटनाएं सामने आ रही हैं।
AC ब्लास्ट की मुख्य वजहें
1. लगातार इस्तेमाल और ओवरहीटिंग
लोग कई-कई घंटों तक एसी को 16-18 डिग्री पर लगातार चलाते हैं। इससे कंप्रेसर पर अत्यधिक दबाव पड़ता है और मशीन ओवरहीट होकर फट सकती है।
2. गैस लीकेज और शॉर्ट सर्किट
पुरानी वायरिंग, खराब कनेक्शन या गैस लीकेज की स्थिति में मामूली चिंगारी भी आग का बड़ा कारण बन सकती है।
3. लोकल पार्ट्स और खराब सर्विसिंग
सस्ते या लोकल पार्ट्स का इस्तेमाल और समय पर सर्विसिंग न होने से एसी के अंदर धूल जम जाती है, जिससे वेंटिलेशन प्रभावित होता है और हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
4. वोल्टेज फ्लक्चुएशन
गर्मियों में बिजली की खपत बढ़ने से वोल्टेज में उतार-चढ़ाव होता है। स्टेबलाइजर न होने पर इसका सीधा असर कंप्रेसर पर पड़ता है।
AC इस्तेमाल करते समय रखें ये सावधानियां
एसी को लगातार कई घंटों तक न चलाएं, बीच-बीच में ब्रेक दें।
तापमान हमेशा 24 से 26 डिग्री के बीच रखें।
हर सीजन में एसी की सर्विसिंग जरूर कराएं।
केवल अधिकृत तकनीशियन से ही रिपेयरिंग करवाएं।
स्टेबलाइजर और अच्छी क्वालिटी की वायरिंग का इस्तेमाल करें।
विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सावधानी बरतकर ऐसे हादसों से बचा जा सकता है।





















