अंबिकापुर: सरगुजा जिले के मणीपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा में कांग्रेस नेता और उनकी पत्नी के साथ मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना मणीपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस टीम द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दर्रीपारा निवासी कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह सिद्धू ने 30 अगस्त 2026 को थाना मणीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 29 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे साहिल साहू, राजा साहू सहित अन्य लोग उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और जान से मारने की नीयत से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई।घटना के दौरान गुरप्रीत सिंह सिद्धू की पत्नी बीच-बचाव करने के लिए पहुंचीं। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 151/26 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(2), 296, 351(3), 115(2), 333 और 109 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी सहित प्रत्यक्षदर्शी एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए साहिल साहू पिता सुनील साहू, उम्र 22 वर्ष, आयुष बरला पिता ललित बरला, उम्र 19 वर्ष, सुनील साहू पिता स्वर्गीय सेवक राम, उम्र 47 वर्ष और अनिल कुमार चटर्जी उर्फ संजू पिता स्वर्गीय मनमोहन चटर्जी, उम्र 55 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। गिरफ्तार सभी आरोपी दर्रीपारा, अंबिकापुर थाना मणीपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश एवं दबिश की कार्रवाई जारी है।पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सीपी तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नरीता सोरी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शशिकांत ठाकुर, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय सहित पुलिस टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!