अंबिकापुर: होली क्रॉस विमेंस कॉलेज के भूगोल विभाग में  18 नवंबर 2026 को विश्व जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) दिवस उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को जीआईएस तकनीक की उपयोगिता वर्तमान समय में इसके बढ़ते महत्व तथा इससे जुड़े रोजगार एवं करियर के अवसरों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा मिश्रा के संबोधन से हुआ। उन्होंने जीआईएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आधुनिक समय में भौगोलिक सूचना प्रणाली का उपयोग विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। मानचित्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, शहरी नियोजन, आपदा प्रबंधन, संसाधनों के प्रबंधन तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में जीआईएस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को इससे संबंधित विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं करियर की संभावनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर चंदा यादव एवं  मनीषा राजवाड़े, सहायक प्राध्यापक, भूगोल के मार्गदर्शन में बी.ए. पंचम सेमेस्टर की छात्राओं संतोषी पैंकरा एवं सुप्रिया तिग्गा ने जीआईएस की उपयोगिता और उससे संबंधित करियर विकल्पों पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। छात्राओं ने सरल एवं रोचक ढंग से इस तकनीक के विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत करते हुए बताया कि जीआईएस के क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए रोजगार और उच्च शिक्षा की अनेक संभावनाएं उपलब्ध हैं।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के प्रति जागरूक होने तथा बदलते समय के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने की प्रेरणा मिली।

यह आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.  शांता जोसेफ के प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में जीआईएस तकनीक के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!