जशपुर: शादी का झांसा देकर महिला के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में पत्नी बनाकर रखने से इनकार करने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के एक गांव का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय पीड़िता की पहचान वर्ष 2023 में एक सहेली के माध्यम से दुर्योधन यादव (22 वर्ष) से हुई थी। महिला ने आरोपी को अपनी पूर्व शादीशुदा जिंदगी और बच्चों के बारे में पहले ही बता दिया था। आरोप है कि दुर्योधन ने महिला को पसंद करने और उससे शादी करने के साथ ही उसके बच्चों का पालन-पोषण करने का भरोसा दिलाया था।आरोपी की बातों पर विश्वास कर महिला 31 मार्च 2023 को उसे अपने किराये के मकान में ले गई। वहां आरोपी ने शादी का रिश्ता बनाने की इच्छा जताते हुए महिला की मांग में सिंदूर भरा और उसी रात उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी 1 अक्टूबर 2026 तक बीच-बीच में शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में उसने महिला को पत्नी के रूप में रखने से इनकार कर दिया।पीड़िता ने 24 अक्टूबर 2026 को पत्थलगांव थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी दुर्योधन यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत धारा 376(2-एन) भादवि एवं धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी फरार था और उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह ग्राम में मौजूद है। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 17 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

महिलाओं से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई होगी : एसएसपी

इस मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पत्थलगांव थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!