अंबिकापुर:  छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले छह महीने से आतंक का पर्याय बने कबरा हाथी को वन विभाग की टीम ने बुधवार को रामगढ़ में ट्रैंकुलाइज कर लिया। दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की मदद से वन विभाग की टीम कबरा हाथी के करीब पहुंची और उसे बेहोश करने में सफलता हासिल की। अब उसे रेडियो कॉलर लगाने के बाद रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कबरा हाथी पिछले छह महीनों में 19 लोगों की जान ले चुका है। वह 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था। झुंड के साथ लगातार जगह बदलने के कारण वन विभाग की टीम के लिए उसे पकड़ना चुनौती बना हुआ था। ऐसे में टीम लगातार हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार अभियान चला रही थी। मंगलवार रात हाथियों का झुंड सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में विचरण कर रहा था। इससे पहले सोमवार को भी कुमकी हाथियों की मदद से कबरा हाथी को पकड़ने की कोशिश की गई थी। इस दौरान टीम का ट्रैंकुलाइजर गन से निशाना चूक गया, जिसके चलते हाथी को बेहोश नहीं किया जा सका।

कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ ने निभाई अहम भूमिका

बुधवार सुबह हाथियों का झुंड रामगढ़ पहाड़ी के नीचे पहुंचा। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ के साथ मौके पर पहुंची। वन्यजीव डॉक्टर कुमकी हाथी पर सवार होकर कबरा हाथी के करीब पहुंचे और ट्रैंकुलाइजर गन से उस पर डॉट दागा। डॉट लगते ही हाथी बेहोश हो गया। इसके बाद टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से बांध दिया।

झुंड के दूसरे हाथियों को भी हटाया गया

ऑपरेशन के दौरान कबरा हाथी के साथ झुंड के अन्य हाथी भी मौजूद थे। उन्हें मौके से दूर भगाने की कोशिश की गई, ताकि कबरा हाथी को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। ट्रैंकुलाइज किए जाने के बाद उसे रेडियो कॉलर लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके बाद उसे रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा। वन विभाग की इस कार्रवाई से सरगुजा और सूरजपुर के प्रभावित इलाकों में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!