मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स 2026 में बॉलीवुड सितारों का ग्लैमर और पर्यावरण संरक्षण का संदेश एक साथ देखने को मिला। समारोह में ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन के साथ आलिया भट्ट, सोनम कपूर, भूमि पेडनेकर, मौनी रॉय, रकुल प्रीत सिंह और ईशान खट्टर समेत कई चर्चित हस्तियां शामिल हुईं। फिल्ममेकर करण जौहर ने कार्यक्रम की मेजबानी की। आलिया भट्ट गोल्डन वर्क वाले ब्लैक गाउन में नजर आईं, जबकि सोनम कपूर ने डिजाइनर अनामिका खन्ना का खास आउटफिट पहनकर सबका ध्यान खींचा। इस आयोजन में सिर्फ सितारों के फैशन की चर्चा नहीं हुई, बल्कि पर्यावरण और बढ़ते प्रदूषण को लेकर भी गंभीर बातें सामने आईं। सोनम कपूर ने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि आज देश में पर्यावरण की स्थिति डराने वाली है। उन्होंने गंगा नदी का उदाहरण देते हुए कहा कि सफाई के प्रयासों के बावजूद लोगों की लापरवाही से नदियां फिर प्रदूषित हो जाती हैं। उनके मुताबिक, पर्यावरण बचाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है।

अर्थशॉट प्राइज के छठे संस्करण में दुनियाभर से चुने गए 15 फाइनलिस्ट में से पांच विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रत्येक विजेता को अपने पर्यावरणीय समाधान को आगे बढ़ाने के लिए 10 लाख पाउंड यानी करीब 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। भारत के लिए भी यह समारोह खास रहा, क्योंकि महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी को 'क्लीन अवर एयर' श्रेणी में पुरस्कार मिला। कंपनी इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर और छोटे व्यावसायिक वाहन बनाती है, जिनका उद्देश्य प्रदूषण कम करना है। वहीं, अभिनेत्री सयानी गुप्ता ने मुंबई में तेजी से बढ़ते निर्माण कार्य, पेड़ों की कटाई और मैंग्रोव के नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शहर में प्रदूषण और सीमेंट के बढ़ते इस्तेमाल के कारण लोगों के लिए साफ हवा में सांस लेना मुश्किल होता जा रहा है। इस तरह समारोह में बॉलीवुड का ग्लैमर तो दिखा ही, साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी एक अहम संदेश दिया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!