
रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए 25 अगस्त का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी करेंगे। सरकार ने इस बार नियमित समय से पहले राशि जारी करने का फैसला लिया है, ताकि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल सके।
सितंबर की किस्त अगस्त में ही जारी होगी
महतारी वंदन योजना की यह किस्त सामान्य तौर पर सितंबर में जारी होनी थी। लेकिन रक्षाबंधन को देखते हुए राज्य सरकार ने भुगतान पहले करने का निर्णय लिया है। इससे पात्र महिलाओं के खातों में त्योहार से पहले सहायता राशि पहुंच सकेगी।
डौण्डीलोहारा में होगा मुख्य कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 अगस्त को बालोद जिले के डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी की जाएगी।सरकार के अनुसार, योजना का उद्देश्य महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग देकर उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।रक्षाबंधन से पहले किस्त जारी होने से प्रदेश की लाखों महिलाओं को त्योहार के दौरान आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।




















