लखनपुर/ प्रिंस सोनी: अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर करीब 2 बजे लखनपुर स्थित सुमन पेट्रोल पंप के पास दो चारपहिया वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के सामने के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए। घायलों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। तीन लोगों को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है, जिनमें एक को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पलगड़ी निवासी आठ लोग एक चारपहिया वाहन में सवार होकर लखनपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सुमन पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के लिए वाहन मोड़ते समय सामने से आ रहे एक अन्य चारपहिया वाहन से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद एक वाहन अपने ही स्थान पर घूम गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहनों में सवार लोगों को चोटें आईं, जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।इस दुर्घटना में पलगड़ी निवासी शेर सिंह और वंशधारी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, एक अन्य व्यक्ति के हाथ में गंभीर चोट लगने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में चार महिलाओं समेत अन्य लोगों के भी घायल होने की जानकारी है।

फिलहाल, घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। दुर्घटना के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!