सूरजपुर: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे व्यक्ति के साथ हुई उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 1 लाख 37 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मानपुर खड़गवां निवासी रामसेवक गुप्ता ने थाना प्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 सितंबर 2026 को वह अपनी स्कूटी से प्रतापपुर आया था। इस दौरान उसने सहकारी बैंक और स्टेट बैंक से कुल 2 लाख रुपये निकाले और रकम को प्लास्टिक के झोले में रख लिया। आरोप है कि इसी दौरान अज्ञात लोगों ने झोले में रखी रकम पार कर दी और मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना प्रतापपुर में अपराध क्रमांक 280/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिली मदद

मामले की जांच के दौरान प्रतापपुर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी संसाधनों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की गई। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बतौली क्षेत्र में दबिश दी और दो संदिग्धों को पकड़ लिया। उनकी पहचान संतोष कुमार मीणा उर्फ मोनू नट (25), निवासी झक्कड़पुर, स्कूलपारा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर और रोहित यादव (34), निवासी जुरावगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार के रूप में हुई है।

सीट के नीचे छिपाए थे रुपये

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने उठाईगिरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि एक लाख रुपये होंडा शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 14 MW 3648 की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए थे, जबकि 37 हजार रुपये सफेद गमछे में रखे थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 1 लाख 37 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश पुरैना, एएसआई योगेंद्र जायसवाल, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे तथा आरक्षक अशोक कनौजिया, राजेश तिवारी और नौशाद सक्रिय रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!