

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इसके बाद वह गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक वारदात से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर के आंगन में मिला पत्नी और बच्चों का शव
घटना माताबसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव की है। पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय बलराम सिंह कुशवाहा ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी रविता कुशवाहा और दोनों बेटों आरव तथा देबू की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद वह गांव के समीप स्थित शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचा, जहां ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।
बाहर से बंद था घर का मुख्य दरवाजा
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी विवेक तोमर के अनुसार वारदात घर के आंगन में हुई। घर चारों ओर से बाउंड्री से घिरा हुआ है और मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। काफी देर तक घर नहीं खुलने पर लोगों को संदेह हुआ। जब अंदर झांककर देखा गया तो महिला और दोनों बच्चों के शव आंगन में पड़े मिले।
पारिवारिक विवाद की बात आ रही सामने
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले रविता ने गांव में आयोजित भागवत कथा के दौरान नृत्य किया था। वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच पिछले करीब एक महीने से विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद रविता अपने मायके चली गई थी और करीब तीन दिन पहले ही वापस ससुराल लौटी थी। पुलिस फिलहाल इसी समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।





















