धमतरी।जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र के छुही बीट में इन दिनों दंतैल हाथी विचरण कर रहा है। हाथी की मौजूदगी से ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने हाथी की लोकेशन मिलने के बाद आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है।

वन विभाग ने गांवों में किया अलर्ट जारी
वन विभाग के मुताबिक, दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है. हाथी के आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर जाने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा समेत आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों में भी सतर्कता बरतने को कहा गया है।

हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार इलाके की निगरानी कर रही है. पीपरछेड़ी और कमारपारा समेत प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और उसे किसी भी तरह परेशान न करें. हाथी की सूचना तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को देने की अपील की गई है।

गरियाबंद की ओर से पहुंचा दंतैल
बताया जा रहा है कि यह दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है. हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है। वन विभाग की टीम हाथी की लगातार निगरानी कर रही है और उसकी गतिविधियों के आधार पर ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!