बलरामपुर: जनपद पंचायत राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चन्द्रगढ़ में जल संरक्षण के माध्यम से कृषि विकास की नई संभावनाएँ साकार हो रही हैं। कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन तथा जिला पंचायत सीईओ  नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत कोरोना नाले पर निर्मित चेक डेम ग्रामीणों के लिए सिंचाई का सशक्त आधार बनकर उभरा है।

चेक डेम के निर्माण से क्षेत्र में जल संचयन क्षमता में वृद्धि हुई है, जिससे किसानों को वर्षभर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होने लगा है। इस परियोजना से 10 किसानों की लगभग 3.325 हेक्टेयर कृषि भूमि पर नियमित सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित हुई है। इसके साथ ही ग्राम के 20 से 25 अन्य किसान भी अब मक्का, धान, सरसों तथा विभिन्न सब्जियों की खेती कर बेहतर उत्पादन और आय की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

सिंचाई की उपलब्धता से खेती का दायरा बढ़ा है और किसान पारंपरिक फसलों के साथ विविध फसलों की खेती अपनाने लगे हैं। इससे न केवल कृषि उत्पादन में वृद्धि की संभावना बनी है, बल्कि ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हो रही है। जल संरक्षण पर आधारित यह पहल गांव में टिकाऊ कृषि व्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!