

बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, जबकि दूसरे घायल का इलाज राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

पहली घटना ग्राम बगाड़ी में दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार एक बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक घायल की पहचान नहीं हो सकी थी।
दूसरी दुर्घटना राजपुर स्थित स्टेट बैंक के पास लगभग 12: 20 बजे घटित हुई। जानकारी के अनुसार परसागुड़ी निवासी सुंदर यादव (35 वर्ष), पिता गोविंद यादव निजी कार्य से राजपुर आए थे। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक क्रमांक CG 15 EE 0378 ने उनकी बाइक CG 15 DE 8351 को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में सुंदर यादव घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस दोनों सड़क दुर्घटनाओं में जांच में जुटी हुई है।











