

रायपुर : विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब तीन दिवसीय विशेष आयोजन 'दृश्य संवाद 2026 : छायाकार समागम' का आयोजन करेगा। 19 से 21 अगस्त तक होने वाले इस कार्यक्रम में फोटो पत्रकारिता, छायाचित्र प्रदर्शनी, तकनीकी प्रशिक्षण और रचनात्मक फोटोग्राफी को एक साझा मंच मिलेगा। यह आयोजन हिंदी पत्रकारिता के द्विशताब्दी वर्ष पर चल रहे 'मार्तंड उत्सव' की श्रृंखला का हिस्सा होगा।
बैठक में तैयार हुई आयोजन की रूपरेखा
आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को रायपुर प्रेस क्लब की कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष मोहन तिवारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कार्यक्रम को व्यापक और प्रभावशाली स्वरूप देने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद फोटो जर्नलिस्ट प्रकोष्ठ के सदस्यों के साथ अलग बैठक कर आयोजन की रूपरेखा और सुझावों पर विचार किया गया।
फोटो प्रदर्शनी, प्रतियोगिता और वर्कशॉप होंगे आकर्षण
तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान फोटो प्रदर्शनी, फोटो प्रतियोगिता और तकनीकी प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता और प्रदर्शनी में रायपुर प्रेस क्लब के सदस्य फोटो पत्रकार भाग लेंगे, जबकि ओपन कैटेगरी में प्रोफेशनल और शौकिया फोटोग्राफरों को भी अपनी बेहतरीन तस्वीरें प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
विशेष बात यह होगी कि प्रदर्शनी में चयनित तस्वीरें आम लोगों के लिए बिक्री के लिए भी उपलब्ध रहेंगी, जिससे छायाकारों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा को व्यापक पहचान और प्रोत्साहन मिल सकेगा।
तस्वीरों के जरिए समाज की अनकही कहानियों पर फोकस
प्रेस क्लब का मानना है कि एक तस्वीर केवल दृश्य नहीं होती, बल्कि वह समय, समाज, संघर्ष, संवेदनाओं और सच्चाई की जीवंत अभिव्यक्ति होती है। इसी सोच के साथ इस आयोजन का उद्देश्य कैमरे की नजर से समाज की अनकही कहानियों को सामने लाना, फोटो पत्रकारों और छायाकारों को सम्मानजनक मंच उपलब्ध कराना तथा आम लोगों को तस्वीरों के माध्यम से समाज को नए नजरिए से देखने का अवसर देना है।
अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी हुई चर्चा
बैठक में 2 अगस्त को प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही 15 अगस्त को आयोजित होने वाले प्रेस क्लब परिवार के वार्षिक पिकनिक कार्यक्रम, सदस्यता संबंधी मामलों और प्रेस क्लब के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
फोटो पत्रकारों और कला प्रेमियों से की गई अपील
बैठक में महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेंद्र जांगड़े सहित कार्यकारिणी सदस्य और बड़ी संख्या में फोटो पत्रकार एवं छायाकार मौजूद रहे। रायपुर प्रेस क्लब ने प्रदेशभर के फोटो पत्रकारों, प्रोफेशनल और शौकिया छायाकारों तथा कला प्रेमियों से इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाने और इसे सफल बनाने की अपील की है।











