छत्तीसगढ़ : मानसून पूरी तरह सक्रिय है और इसका असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि राजधानी रायपुर में भी रविवार दोपहर तेज बारिश हुई। लगातार हो रही वर्षा से कई क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में जोरदार बारिश की संभावना जताई है।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा बरसे बादल

मौसम विभाग के अनुसार मनेन्द्रगढ़ में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर तथा पटना में 6 सेंटीमीटर बारिश हुई।मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकडेगा, बलौदा बाजार, पलारी और भाटापारा में 4-4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।इसके अलावा कुकदुर, मनोरा, पेण्ड्रा रोड, खड़गवां, कापू, कोंटा, सिमगा, पौड़ी उपरोड़ा, धमतरी, दर्री, बोदरी, मस्तूरी, बीजापुर, पिथौरा और सकरी में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन क्षेत्रों में यलो अलर्ट भी लागू

अगले कुछ घंटों के लिए उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश और गरज-चमक की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने जिन जिलों में अलर्ट जारी किया है, वहां लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में जाने से बचने, तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका के बीच सतर्क रहने तथा स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!