

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के थाना बसंतपुर पुलिस ने मवेशियों को क्रूरतापूर्वक हांककर उत्तर प्रदेश ले जाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार 4 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग 5 भैंसों को मारते-पीटते हुए अवैध रूप से उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर थाना बसंतपुर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की और 5 भैंसों को बरामद कर जब्त किया। मामले में अपराध क्रमांक 128/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान आरोपी उमेश यादव से पूछताछ में उत्तर प्रदेश के पोखरा निवासी सद्दाम खान की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने सद्दाम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मवेशियों को हांककर ले जाने तथा बसंतपुर क्षेत्र के निवासी नंदलाल गोंड द्वारा मवेशियों की खरीद कर अपने घर में रखने की जानकारी दी।
पुलिस जांच में दोनों आरोपियों की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सद्दाम खान पिता इब्राहिम खान (32 वर्ष) निवासी पोखरा थाना बभनी उत्तरप्रदेश एवं नंदलाल गोंड पिता उदित (27 वर्ष) निवासी बहुलापाठ थाना बसंतपुर को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4,6,10 के तहत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।











