बलरामपुर: बलरामपुर जिले के कुसमी-जशपुर मार्ग पर चार भैंसों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक मारपीट कर झारखंड की ओर ले जाने के मामले में कुसमी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर की रात करीब 3 बजे प्रार्थी नानकचंद राम भगत को सूचना मिली कि कुसमी-जशपुर रोड पर कुछ लोग चार भैंसों को डंडे से मारते-पीटते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के बाद प्रार्थी और ग्रामीणों ने उनका पीछा किया। ग्राम लवकशपुर और भवानीपुर के बीच लावा नदी के पास ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया।मौके पर दो लोगों को पकड़ा गया, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम अशोक उर्फ अकबर, निवासी बहेरना, थाना आस्ता, जिला जशपुर और राजदीप, निवासी खम्हली, थाना आस्ता, जिला जशपुर बताया। वहीं, तीसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।पुलिस ने चारों भैंसों को सुरक्षित ग्राम भवानीपुर में रखा है। आरोपियों के खिलाफ थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में फरार तीसरे व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!