पटना: बिहार की राजधानी पटना के नजदीक मनेर में शुक्रवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। शेरपुर गंगा घाट के पास दोनों ओर से हुई गोलीबारी में तीन अपराधियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजा शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित थे। मुठभेड़ के दौरान मनेर थाने के प्रभारी रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए।

गोलीबारी में मनेर थाना प्रभारी घायल

पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। इसी दौरान थाना प्रभारी रजनीश कुमार के हाथ में गोली लग गई। पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी में उपचार कर रही है।

पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला

इस मामले की कड़ी 19 अक्टूबर की रात हुई हत्या की घटना से जुड़ी बताई जा रही है। नवरात्रि के दौरान मनेर के ब्यापुर इलाके में बदमाशों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू और प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार को निशाना बनाकर गोलीबारी की थी। बताया गया कि हमले के पीछे पंचायत चुनाव से जुड़ी पुरानी दुश्मनी थी। इस वारदात में संजीत कुमार की मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार जांघ में गोली लगने से घायल हुए थे।

पुलिस की घेराबंदी के दौरान शुरू हुई मुठभेड़

दानापुर एसडीपीओ-2 अमरेंद्र कुमार झा के मुताबिक, शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि तीनों आरोपी शेरपुर गंगा घाट के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!