बलरामपुर: यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई और अधिक त्वरित एवं पारदर्शी होगी। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सभी थाना एवं चौकियों में ई-चालान व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके तहत अधिकृत पुलिस अधिकारी मौके पर ही ऑनलाइन चालान की कार्रवाई कर सकेंगे।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा संबंधित अधिकारियों की ई-चालान आईडी तैयार कराते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मौके पर ही ऑनलाइन चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।नई व्यवस्था के तहत पुलिस अधिकारियों को अधिकृत डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। इसके माध्यम से बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब के नशे में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर तत्काल ई-चालान जारी किया जा सकेगा।ई-चालान जारी होने के बाद वाहन चालक अथवा वाहन स्वामी परिवहन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन चालान की राशि का भुगतान कर सकेंगे। इससे नकद लेनदेन में कमी आने के साथ ही चालानी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी।

यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक बलरामपुर विमलेश कुमार देवांगन ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा संबंधित अधिकारियों की ई-चालान आईडी तैयार कर ली गई है। अब अधिकृत डिवाइस के जरिए मौके पर ही ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की जा सकेगी।पुलिस के मुताबिक ई-चालान व्यवस्था का उद्देश्य यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। नई डिजिटल व्यवस्था से चालानी कार्रवाई त्वरित, पारदर्शी और कैशलेस होने की उम्मीद है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!