
लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोयदा खुटनपारा में पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि साले ने अपने जीजा पर टांगी से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दोंदूराम (40 वर्ष) ग्राम सोयदा खुटनपारा का निवासी था। उसकी पत्नी दूरपति बाई ने लखनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 अक्टूबर को उसका पति अपनी बेटी के घर गया था। 11 अक्टूबर को वह वापस लौटा। इस दौरान बेटी के घर में हुए विवाद के कारण उसे वहां कुछ समय रुकना पड़ा था।इसके बाद 12 अक्टूबर की रात करीब 9:40 बजे मृतक की पत्नी घर में सो रही थी। तभी उनकी बेटी सरस्वती जोर-जोर से आवाज लगाने लगी। आवाज सुनकर पत्नी बाहर निकली तो देखा कि उसका पति दोंदूराम सड़क किनारे मृत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर से खून निकल रहा था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
टांगी से वार कर हत्या करने का आरोप
सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने संदेही घुरसाय बसोड़ (48 वर्ष), पिता बैजनाथ बसोड़, निवासी ग्राम सोयदा खुटनपारा से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पुरानी रंजिश और आए दिन होने वाले झगड़े-विवाद की बात सामने आई। बताया गया कि मृतक शराब पीकर अक्सर गाली-गलौज करता था और विवाद करता था। इसी से परेशान होकर आरोपी ने कथित तौर पर टांगी से मृतक के बाएं गाल पर वार कर उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई टांगी बरामद कर ली है। मंगलवार, 13 अक्टूबर को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, गिरफ्तार आरोपी घुरसाय बसोड़ को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



















