रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में केलो डैम घूमने गए युवक-युवती के साथ लूटपाट का मामला सामने आया है। बाइक से पहुंचे दोनों को 3 से 4 अज्ञात युवकों ने घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट कर 1500 रुपये नकद और आईफोन लूट लिया। वहीं, युवती का मोबाइल छीनकर बाइक की चाबी फेंक दी और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को फोन करने की धमकी देने लगे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22) अपनी दोस्त ईशिका कुमरे के साथ बुलेट बाइक से केलो डैम घूमने गया था। शाम को दोनों घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी वहां 3 से 4 अज्ञात युवक पहुंच गए।आरोप है कि युवकों ने दोनों से वहां आने को लेकर सवाल-जवाब किए और पुलिस को फोन करने की धमकी देने लगे। इसके बाद आरोपियों ने सानू के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। उन्होंने युवक की जेब में रखे 1500 रुपये और आईफोन 12 मिनी के साथ युवती का मोबाइल भी छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक की चाबी फेंककर फरार हो गए।

भाई को फोन कर दी घटना की जानकारी

घटना के बाद सानू ने किसी तरह अपने भाई प्रियांशु को फोन कर वारदात की जानकारी दी। इसके बाद वह कोतवाली थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 3(5) और 309(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

रायगढ़ में पहले भी सामने आ चुकी हैं लूट की घटनाएं

रायगढ़ शहर में इससे पहले भी लूटपाट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कोतरा रोड क्षेत्र की जयहिंद गली में रहने वाले संजय दास से रेलवे बंगलापारा के पास लूट की वारदात हुई थी। आरोप था कि सागर यादव, शैलेष साहू और भोला ने मारपीट कर उससे 5 हजार रुपये और सोने की चेन छीन ली थी।

वहीं, जूटमिल थाना क्षेत्र में चाकू से हमला कर लूटपाट करने का मामला भी सामने आया था। उस घटना में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। केलो डैम की ताजा घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!