
लखनपुर/ प्रिंस सोनी: विकासखंड लखनपुर अंतर्गत ग्राम कुंवरपुर में मत्स्य विभाग द्वारा आयोजित दस दिवसीय विभागीय मछुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मछुआरों को आधुनिक मत्स्य पालन की तकनीकों, शासन की विभिन्न योजनाओं तथा स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला सिंह उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में कुन्नी मंडल महामंत्री विक्रम सिंह, मंडल मंत्री छोटेलाल मिंज, मोती राम एवं लालसाय शामिल हुए।
इस प्रशिक्षण के दौरान मत्स्य निरीक्षक शुभम साहू ने मछुआ प्रशिक्षणार्थियों को आधुनिक मत्स्य पालन की विधियों, मछली उत्पादन बढ़ाने के उपायों तथा मत्स्य पालन के क्षेत्र में शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मछुआरों को मत्स्य पालन को आय एवं स्वरोजगार का बेहतर साधन बनाने के लिए विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के प्रति जागरूक किया।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से मछुआरों को मत्स्य पालन की नई तकनीकों को समझने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में मछुआ प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।



















