चंबा/छत्तीसगढ़: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में घूमने गए बेंगलुरु के दो परिवारों की खुशियां एक भीषण सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर एक अर्टिगा कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे दो बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, दोनों परिवार बेंगलुरु से हिमाचल प्रदेश घूमने पहुंचे थे और साच पास क्षेत्र में बर्फबारी व प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने जा रहे थे। शुक्रवार रात चुराह उपमंडल के कालावन क्षेत्र के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और किसी को बचने का मौका नहीं मिला।

जीपीएस लोकेशन से चला हादसे का पता

जब टैक्सी देर रात तक वापस नहीं लौटी तो वाहन मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। उसने वाहन की जीपीएस लोकेशन जांची, जो कालावन क्षेत्र में एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दे रही थी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई और शनिवार दोपहर वाहन के खाई में गिरने की जानकारी सामने आई।

दुर्गम क्षेत्र में रेस्क्यू बना चुनौती

हादसे का स्थल बेहद दुर्गम होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। खड़ी पहाड़ियां, गहरी खाई, पथरीला रास्ता और खराब मौसम के चलते शनिवार को शवों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। वहीं मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से समन्वय में भी परेशानी हुई।

ह्यूमन चेन बनाकर निकाले गए शव

रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। खाई की गहराई को देखते हुए ह्यूमन चेन बनाकर और रस्सियों की मदद से एक-एक कर सभी शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

भिलाई के परिवार के चार सदस्य भी मृतकों में शामि

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में भिलाई निवासी अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी पिंकी चंद्राकर और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी मृतकों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है। हिमाचल पुलिस ने घटना की सूचना दुर्ग पुलिस को भी दे दी है, जिसके बाद परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!