बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना एवं बरियों चौकी क्षेत्र की सीमा में स्थित गागर नदी में डूबे 22 वर्षीय युवक फुलसाय लकड़ा का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस एवं एसडीआरएफ स्तर पर लगातार तलाश जारी है, लेकिन नदी की अधिक गहराई और कठिन परिस्थितियों के कारण सफलता नहीं मिल पाई है।

जानकारी के अनुसार बरियों उरांव पारा में आयोजित एक शादी समारोह के बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे 8 से 10 युवक गागर नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान फुलसाय लकड़ा (22 वर्ष), पिता सुरेंद्र लकड़ा, नदी की गहराई में चले जाने से डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की गई।

रविवार को भी दिनभर तलाश अभियान जारी रहा, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि नदी की गहराई अधिक होने के कारण सर्चिंग कार्य में कठिनाई आ रही है। सोमवार को अंबिकापुर से ऑक्सीजन उपकरणों से लैस विशेष सर्चिंग टीम को बुलाया जा रहा है, जो नदी के गहरे हिस्सों में खोज अभियान चलाएगी।

थाना प्रभारी ने लोगों से नदी, तालाब और अन्य गहरे जलाशयों में नहाने अथवा प्रवेश करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। घटना के बाद परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!