जांजगीर-चांपा। जिले में रविवार सुबह भारतमाला सड़क पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। पैदल जा रहे तीनों लोगों को तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

पैदल जा रहे थे तीनों ग्रामीण

जानकारी के अनुसार हादसा बलौदा थाना क्षेत्र के कोरबी के पास भारतमाला सड़क पर हुआ। तीन ग्रामीण सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी तेज गति से आए अज्ञात भारी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर बलौदा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की।

आरोपी चालक की तलाश जारी

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!