

गढ़चिरौली। छत्तीसगढ़ से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शासकीय कन्या छात्रावास में जहरीले सांप के काटने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं का इलाज जारी है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं और गंभीर रूप से प्रभावित छात्राओं को बेहतर उपचार के लिए हेलिकॉप्टर से नागपुर भेजा गया है।
आधी रात छात्रावास में घुसा जहरीला सांप
यह घटना धनोरा तहसील मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित जप्तलाई गांव के शासकीय कन्या छात्रावास में रविवार देर रात हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्राएं छात्रावास के कमरे में जमीन पर सो रही थीं। इसी दौरान एक जहरीला सांप वहां पहुंचा और कई छात्राओं को डस लिया।
तीन मासूमों की गई जान, तीन का इलाज जारी
पुलिस के अनुसार इस हादसे में 8 वर्षीय दीपिका लकड़ा, 12 वर्षीय सुष्मिता मंडल और 14 वर्षीय अनु कोरेटी की मौत हो गई। तीनों अलग-अलग कक्षाओं की छात्राएं थीं। वहीं 11 से 14 वर्ष आयु की तीन अन्य छात्राओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें हेलिकॉप्टर से नागपुर के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल
घटना की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र सरकार के पालक मंत्री आशीष जायसवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों और डॉक्टरों से पूरी जानकारी ली तथा घायल छात्राओं के उपचार की समीक्षा की। साथ ही आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सांप छात्रावास के भीतर कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में यह दुखद घटना हुई।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था, भवन की स्थिति और घटना के दौरान मौजूद व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।











