
कोरबा : रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी तेज कर दी है। छत्तीसगढ़ में संचालित बने खाबो-बने रिहबो 2.0 अभियान के तहत 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक सात दिवसीय विशेष प्रवर्तन और जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के अलग-अलग हिस्सों में खाद्य दुकानों, डेयरियों और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं।
त्योहार से पहले डेयरी और मिठाई उत्पादों पर खास नजर
रक्षाबंधन के दौरान दूध, पनीर, खोवा, मावा और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने अगस्त माह की शुरुआत से ही खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कर दी थी। अधिकारियों द्वारा लिए गए नमूनों को गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 6 अगस्त को कटघोरा स्थित अमृततुल्य दूध डेयरी से पनीर का सैंपल लिया। इसके अगले दिन 7 अगस्त को दीपका की अन्नपूर्णा डेयरी और शिवम डेयरी से दूध के नमूने लिए गए। इसी दौरान टीपी नगर स्थित मां कालिका डेयरी से पनीर और खोवा जांच के लिए संकलित किया गया।
11 अगस्त को गौमाता चौक, इमलीडुग्गू स्थित टाटा मिक्सचर फैक्ट्री से मिक्सचर तथा बुधवारी स्थित बुधवानी प्रॉडक्ट्स से मावा बर्फी का नमूना लिया गया। वहीं 13 अगस्त को सांझा चूल्हा ढाबा का निरीक्षण करते हुए पके चावल और आटा के नमूने भी जांच के लिए जुटाए गए।
मां सर्वमंगला डिस्ट्रीब्यूटर से लिए गए लड्डू और मसूर पाक के सैंपल
विशेष अभियान के तहत 17 अगस्त को गौमाता चौक और सीतामढ़ी क्षेत्र स्थित मां सर्वमंगला डिस्ट्रीब्यूटर का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने यहां से नारियल लड्डू और मसूर पाक के नमूने जांच के लिए लिए।
निरीक्षण के दौरान कुछ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर संदेह सामने आया। इसके बाद विभाग ने करीब 10 हजार रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री को नियमानुसार सीज कर दिया।
रक्षाबंधन तक जारी रहेगी जांच, कारोबारियों और ग्राहकों से अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच आगे भी जारी रहेगी। इस दौरान नमूना संकलन के साथ लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की है। वहीं आम लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबल और अन्य जरूरी जानकारी की जांच करने के बाद ही सामान लेने की अपील की गई है।



















