भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले चार इमली क्षेत्र में चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सरकारी आवास में दिनदहाड़े चोरी होने से प्रशासन भी सतर्क हो गया है। खास बात यह है कि यह बंगला वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के सरकारी आवास के ठीक सामने स्थित है।

सूना बंगला देखकर बदमाशों ने बोला धावा

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अज्ञात चोरों ने विधायक के सरकारी आवास को निशाना बनाया। घर खाली होने का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने मुख्य दरवाजों के ताले तोड़ दिए। जहां ताले नहीं टूटे, वहां दरवाजों के कुंडे उखाड़ दिए गए। इसके बाद आरोपी परिसर में लगे पानी के नल और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

कुछ दिन ही भोपाल आते हैं विधायक

विधायक अजय विश्नोई अधिकांश समय अपने गृह क्षेत्र जबलपुर में रहते हैं और महीने में केवल कुछ दिनों के लिए भोपाल आते हैं। बंगला लंबे समय तक बंद रहने के कारण चोरों ने उसे आसान निशाना बना लिया। जब विधायक रविवार को आवास पहुंचे तो टूटे ताले देखकर चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सूचना दी और हबीबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

वीवीआईपी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही घटनाएं

चार इमली क्षेत्र में मंत्री, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के सरकारी आवास स्थित हैं। इसके बावजूद हाल के दिनों में यहां चोरी और लूट जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले भी इसी इलाके के एक अन्य सरकारी आवास में चोरी हुई थी। इससे पहले सितंबर 2025 में इंटेलिजेंस विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी से मोबाइल लूट की घटना ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लगातार हो रही घटनाओं के बाद सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इस इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब उम्मीद की जा रही है कि पुलिस जांच के साथ-साथ वीवीआईपी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा करेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!