रायगढ़: सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, मोबाइल हैक कर ब्लैकमेल करने और 13 हजार रुपये की ठगी करने वाले साइबर अपराधी को रायगढ़ साइबर पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती की, निजी फोटो-वीडियो हासिल किए और फिर APK फाइल भेजकर उसके मोबाइल का एक्सेस अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपी ने युवती को बदनाम करने की धमकी देकर पैसे वसूले।

पुलिस के अनुसार, लैलूंगा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने 12 जून 2026 को साइबर थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि करीब छह वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान बिहार निवासी अविनाश उर्फ राजा से हुई थी। विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने निजी फोटो और वीडियो मंगवाए। बाद में उसने एक APK फाइल डाउनलोड करवाई और एक्सेस कोड भी हासिल कर लिया।
मोबाइल का नियंत्रण मिलते ही आरोपी ने युवती की निजी जानकारी, फोटो, वीडियो और कॉन्टैक्ट लिस्ट अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद सोशल मीडिया और परिजनों को फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसने तीन किस्तों में कुल 13 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। रकम मिलने के बाद भी आरोपी लगातार ब्लैकमेल करता रहा।शिकायत पर साइबर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 351(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया। तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर साइबर पुलिस की टीम बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंची, जहां से 20 वर्षीय आरोपी अविनाश चौधरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने यूट्यूब से हैकिंग के तरीके सीखकर इस वारदात को अंजाम दिया था। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती न करें, किसी के कहने पर APK फाइल डाउनलोड न करें और निजी फोटो-वीडियो साझा करने से बचें। यदि कोई ब्लैकमेल कर पैसे मांगता है तो रकम न भेजें, बल्कि तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ देश के किसी भी राज्य में जाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!