

रायपुर (छत्तीसगढ़)। राजधानी रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ा रोमांच देखने को मिलेगा। यहां 10 मई और 13 मई को दो हाई-वोल्टेज आईपीएल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे थे।
10 और 13 मई को मैदान में उतरेगी दिग्गज टीमें
10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 13 मई को आरसीबी का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे, जिससे रात में स्टेडियम में क्रिकेट का पूरा रोमांच देखने को मिलेगा।
टीमों की आगमन और अभ्यास की तैयारी शुरू
जानकारी के अनुसार, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और यहां लगभग 6 दिनों तक ठहरने की संभावना है। इस दौरान टीम स्टेडियम में अभ्यास सत्र भी आयोजित करेगी।वहीं मुंबई इंडियंस की टीम के भी 8 मई के बाद राजधानी पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे शहर में क्रिकेट माहौल और गर्म हो जाएगा।
टिकट बुकिंग और कीमतों को लेकर उत्साह चरम पर
मैचों की टिकट बुकिंग मई के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है, हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।टिकट कीमतें अलग-अलग श्रेणियों में तय की गई हैं, जिसमें सबसे सस्ती टिकट लगभग 2000 रुपये से शुरू हो सकती है। इसके बाद 2500, 3500, 5000 और 8000 रुपये तक की श्रेणियां उपलब्ध होंगी।
स्टेडियम में दर्शकों के लिए नए बदलाव, मिलेगा बेहतर अनुभव
इस बार दर्शकों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए प्लैटिनम सीटों के सामने लगे कांच के पैनल हटा दिए गए हैं। इससे दर्शक खिलाड़ियों को और करीब से लाइव एक्शन देख सकेंगे।
डिजिटल टिकट और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
टिकट बुकिंग पूरी तरह से ऑनलाइन और आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए की जाएगी। सुरक्षा कारणों से QR कोड आधारित डिजिटल टिकट सिस्टम का उपयोग किया जाएगा।छात्रों के लिए रियायती दरों की संभावना भी जताई जा रही है, जिससे युवा दर्शकों की भागीदारी बढ़ सकती है।
क्रिकेट प्रेमियों में बढ़ा उत्साह, शहर में आईपीएल का माहौल तैयार
रायपुर में होने वाले इन बड़े मुकाबलों को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। होटल, ट्रैवल और स्थानीय बाजारों में भी हलचल बढ़ने लगी है।

































