रायपुर: रायपुर की राजधानी में कथित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर दो युवतियों के खिलाफ झूठे दुष्कर्म प्रकरण में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूलने और लगातार ब्लैकमेल करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शंकर नगर निवासी जयंत चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई है कि मई 2026 के दौरान उसकी मुलाकात गुढ़ियारी क्षेत्र में रहने वाली नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों युवतियों ने शुरुआत में नौकरी दिलाने और पार्लर खोलने के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी। इसके बाद वे लगातार फोन और संदेशों के माध्यम से संपर्क में रहीं और मिलने के लिए दबाव बनाती रहीं।पीड़ित के मुताबिक, 14 जून को मुलाकात के दौरान दोनों युवतियों ने उसे और उसके साथी को सिगरेट पीने के लिए कहा। शिकायत के अनुसार, सिगरेट पीने के बाद दोनों को चक्कर आने लगे। आरोप है कि इसी दौरान युवतियों ने उनकी फोटो और वीडियो बना लिए।

शिकायत में आगे कहा गया है कि अगले दिन दोनों युवतियों ने फोन कर युवक पर गलत हरकत करने का आरोप लगाया और मामला दबाने के एवज में रुपये की मांग की। साथ ही पैसे नहीं देने पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने तथा परिवार और कार्यालय में बदनाम करने की धमकी भी दी गई।

पीड़ित का आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उसने 25 जून को तरुण नगर हाट बाजार के पास अपने एक मित्र के साथ मिलकर दोनों युवतियों को 25 हजार रुपये नकद दिए। हालांकि, रकम मिलने के बाद भी पैसों की मांग जारी रही। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक जुलाई को दोनों युवतियों ने कार में रखे नकदी से भरे बैग को लेकर भी प्रयास किया।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!