हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बेटे की चाह में एक पति ने अपनी ही पत्नी को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ पिला दिया। महिला की चार बेटियां हैं और इसी बात को लेकर पति अक्सर उससे विवाद करता था। घटना के बाद गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।

विवाद के बाद पत्नी को जबरन पिलाया जहर

जानकारी के अनुसार, रहटगांव तहसील के वनग्राम महुखाल निवासी मीना यादव का अपने पति हरिओम यादव से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान हरिओम ने जबरन मीना को जहरीला पदार्थ खिला दिया और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद मीना ने किसी तरह अपने मायके पक्ष को सूचना दी। खबर मिलते ही उसकी मां और भाई गांव पहुंचे और गंभीर हालत में उसे पहले रहटगांव अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल हरदा रेफर कर दिया।

2015 में हुई थी शादी, चार बेटियों के बाद बढ़ता गया विवाद

पीड़िता के भाई लल्लू यादव ने बताया कि मीना की शादी वर्ष 2015 में हरिओम यादव से हुई थी। दंपति की चार बेटियां हैं। तीसरी डिलीवरी के दौरान जुड़वा बेटियों के जन्म के बाद डॉक्टरों ने मीना को आगे गर्भधारण नहीं करने की सलाह दी थी।

परिजनों का आरोप है कि हरिओम को बेटे की चाह थी और इसी वजह से वह अक्सर मीना के साथ मारपीट और विवाद करता था। उनका कहना है कि वह दूसरी शादी करना चाहता था और इसी कारण उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की कोशिश की।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा। वहीं आरोपी पति की तलाश भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!