

खरसिया चौक से दरिमा मोड़ तक जर्जर नेशनल हाईवे का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, जल्द मरम्मत का आश्वासन
अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में खरसिया चौक से दरिमा मोड़ तक नेशनल हाईवे की जर्जर हालत को लेकर आम लोगों की शिकायत पर सांसद चिंतामणि महाराज ने संज्ञान लिया है। दिल्ली प्रवास के दौरान उन्हें स्थानीय नागरिकों द्वारा सड़क की बदहाली का वीडियो भेजा गया, जिसमें सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील नजर आ रही है और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।इस वीडियो को सांसद चिंतामणि महराज ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अपलोड किया।
वीडियो प्राप्त होने के बाद सांसद चिंतामणि महाराज ने तत्काल सरगुजा कलेक्टर एवं राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिकारियों को सड़क की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। सांसद के निर्देश पर कलेक्टर और एनएच विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा सड़क का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क की खराब स्थिति का जायजा लिया और जल्द ही मरम्मत एवं सुधार कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि खरसिया चौक से दरिमा मोड़ तक का मार्ग लंबे समय से बदहाल है, जिससे प्रतिदिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गौरतलब है कि सांसद चिंतामणि महाराज ने पिछले वर्ष भी इस सड़क का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया। अब एक बार फिर सांसद के हस्तक्षेप के बाद लोगों को सड़क की मरम्मत और स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है।











