जशपुर: जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ लगातार दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के गर्भवती होने के बाद आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना फरसाबहार क्षेत्र की 21 वर्षीय युवती ने 5 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव का ही रहने वाला आरोपी लोकेश (28 वर्ष) पिछले तीन वर्षों से शादी का वादा कर उसका दैहिक शोषण कर रहा था।पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने पहले प्रेम संबंध बनाकर शादी का भरोसा दिलाया और 15 फरवरी 2023 को उसे अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर संबंध बनाता रहा। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसका गर्भपात भी करा दिया।रिपोर्ट के अनुसार 19 सितंबर 2025 को आरोपी ने फिर से युवती को अपने घर बुलाकर दुष्कर्म किया, जिससे वह दोबारा गर्भवती हो गई। जब पीड़िता ने शादी की बात कही तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फरसाबहार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 366, 376, 376(2)(N) और 318 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, महिला आरक्षक सुशीला सिंह, पुष्पा पैंकरा, प्रधान आरक्षक अमरनाथ पैंकरा, आरक्षक ईश्वर साय और नीरज तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के मामलों में जशपुर पुलिस बेहद संवेदनशील है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!