

बलरामपुर: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में पत्नी के चरित्र पर शक के चलते एक युवक की कुल्हाड़ी (टांगी) से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बगईनार निवासी राम प्रसाद सिंह 13 मई को जनकपुर साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने गया था। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच बाजार से वापस लौटते समय आरोपी बंधू सिंह आयाम ने पीछे से टांगी से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। हमले के बाद राम प्रसाद मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अंबिकापुर भेजा गया, जहां 14 मई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक के भाई की शिकायत पर थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 53/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी बंधू सिंह आयाम (36 वर्ष), निवासी जनकपुर को 15 मई को जंगल से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर शक के चलते राम प्रसाद पर हमला कर हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी भी झाड़ियों से बरामद कर ली गई।पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।





















