

अंबिकापुर: साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा मंगलवार को अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान में विशेष साइबर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेले के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में जिला साइबर सेल, सरगुजा पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स की टीम ने नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद और प्रत्यक्ष जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी।
डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ऑनलाइन ठगी, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, निवेश के नाम पर ठगी, साइबर बुलिंग तथा डिजिटल सुरक्षा जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता अपनाकर अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में मौजूद साइबर सेल अधिकारियों, साइबर वॉलंटियर्स और पुलिस मितानों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों की जानकारी साझा की।
इस दौरान लोगों को बताया गया कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट करें। महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह भी दी गई।
सरगुजा पुलिस मितान टीम ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम में जनजागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक कार्यक्रमों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम में साइबर सेल से अमन पूरी, महिला थाना स्टाफ तथा पुलिस मितान टीम की विभाश्री सिंह, खुशी कन्नौजिया, आर्यन पाण्डेय, विकेश राजवाड़े, लक्ष्मी पैकरा, रश्मि शर्मा, अनुशा राजवाड़े, मानसी राजवाड़े सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अंत में सरगुजा पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स टीम ने आमजन से सतर्क रहने, सुरक्षित रहने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।





















