

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र अंतर्गत बांक घाट में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुदरगढ़ देवी धाम दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय वाहन में करीब 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें कई बच्चे भी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और मां कुदरगढ़ देवी के दर्शन के लिए सूरजपुर पहुंचे थे। इसी दौरान बांक घाट के पास वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सड़क पर पलट गई।हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 13 अन्य श्रद्धालु सामान्य रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।डॉक्टरों ने दो गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं की स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय सूरजपुर रेफर कर दिया है। बाकी घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।घटना की सूचना मिलते ही ओड़गी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से बड़ी जनहानि टल गई।










