अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक की पहल से दिवंगत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दिवंगत कर्मचारी की पत्नी को 10 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।

जानकारी के अनुसार, सरगुजा पुलिस इकाई में पदस्थ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रवि जमकातर का 09 फरवरी 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल तथा भारतीय स्टेट बैंक अंबिकापुर के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रतीक अग्निहोत्री ने संयुक्त रूप से दिवंगत कर्मचारी की पत्नी संगीता जमकातर को पुलिस सैलरी पैकेज के तहत 10 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया।इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सैलरी पैकेज जैसी योजनाएं कर्मचारियों और उनके परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती हैं। ऐसी सहायता से परिवार को संकट की घड़ी में राहत मिलती है और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा प्रबंधक शिरीष गीर, मुख्य शाखा अधिकारी आशीष सिंह तथा उपनिरीक्षक (एम) अभय सिंह सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय की स्थापना शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।दिवंगत कर्मचारी के परिवार को मिली इस आर्थिक सहायता को संवेदनशील पहल माना जा रहा है, जिससे परिवार को कठिन समय में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!