

अंबिकापुर: साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं के बीच सरगुजा पुलिस लगातार लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चला रही है। इसी कड़ी में क्रेडिट एक्सेस इंडिया फाउंडेशन द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) गतिविधियों के तहत आयोजित सामाजिक-आर्थिक विकास कार्यक्रम में सरगुजा पुलिस की साइबर सेल ने वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया।
कार्यक्रम में 250 से अधिक वित्तीय सहायता प्राप्त हितग्राहियों ने भाग लिया। साइबर सेल की टीम ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, बैंकिंग फ्रॉड और डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासवर्ड, ओटीपी और अन्य व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखनी चाहिए। किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या ऑनलाइन गतिविधि पर तुरंत सतर्क रहें और इसकी सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर ठगी गई राशि को फ्रीज कराया जा सके।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के प्रति विश्वास और जागरूकता विकसित करना था। उपस्थित हितग्राहियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।इस अवसर पर साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, साइबर विशेषज्ञ आरक्षक अनुज जायसवाल, भारत भूषण शर्मा, डिवीजनल मैनेजर बलराम, पी एंड एम टिकम प्रसाद साहू, एरिया मैनेजर शबलवीर वर्मा, एरिया मैनेजर कलेश पटेल, सीनियर ब्रांच मैनेजर ओम प्रकाश पटेल, ब्रांच मैनेजर राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।











